बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के ग्राम गिरधौना में एक महिला ने डायल 112 वाहन में जुडवा बच्चों को जन्म दिया। तखतपुर थाना क्षेत्र की महिला को डिलवरी के लिए डायल 112 की गाड़ी में स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया जा रहा था इससे पहले की महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। आरक्षक ने समझदारी दिखाई और वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। महिला ने मितानिन की मदद से जुड़वा बच्चों को जन्म दिया।
मिली जानकारी के अनुसार डायल 112 को सूचना मिली थी कि बिलासपुर जिला तखतपुर के ग्राम गिरधौना में अंजनी मरावी पति संतोष मरावी (28) को प्रसव पीड़ा है। सूचना पर 112 का वाहन गिरधना पहुंचा और आरक्षक ओमकार राजपूत व चालक की मदद से महिला को तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे। इस दौरान ग्राम मोछ पहुंचने तक के महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद भी प्रसव पीड़ा नहीं रुकी तो सड़क किनारे वाहन को खड़ा किया गया। उसके बाद वहीं पर मितानीन रानी बाई सिंगरौल और उसकी महिला रिश्तेदार पंच बाई की मदद से दूसरे शिशु को जन्म दिया।
ऐसा पहली बार हुआ कि 112 वाहन में किसी महिला ने जुडवा बच्चों को जन्म दिया। वाहन में सवार आरक्षक ओमकार राजपुत स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाने के प्रयास में था लेकिन इससे पहले ही महिला ने बच्चों को जन्म दिया। सफल डिलवरी के बाद महिला व बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। इधर महिला के पति ने डायल 112 की टीम का आभार जताया।




