जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में बदमाशों ने भगवान गणेश की मूर्तियों को खंडित कर दिया। मामला जिले के किलेपाल गांव का है जहां गणेश चतुर्थी के लिए गणपति की मूर्तियां बनाई जा रही थी। बदमाशों ने करीब 15 मूर्तियों को तोड़ दिया। सभी मूर्तियों की सूंड को नुकसान पहुंचाया है। रविवार को मूर्तिकार ने जब देखा तो इसकी शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। वही पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के किलेपाल के रहने वाले मूर्तिकार पंचू स्वर्णकार यहां तंबू लगाकर मूर्तियां बनाते हैं। गणेश चतुर्थी के लिए कई मूर्तियों का इनके पास ऑर्डर है। सभी मूर्तियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और फिनिसिंग का कार्य चल रहा था। रविवार सुबह जब मूर्ति का काम करने पंचू स्वर्णकार पहुंचा तो देखा कि सारी मूर्ति खंडित थी। सभी मूर्तियों की सूंड टूटी हुई थी। जिसके बाद इस मामले की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में ले लिया। मूर्तिकार ने यहां 2100 से लेकर 21 हजार रुपए तक कि मूर्तियां बनाकर रखी थी। इधर जैसे ही मूर्तियों को खंडित करने की जानकारी लोगों को लगी वहां भीड़ जमा हो गई। इस दौरान लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने मूर्तियां तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




