कोलंबो। एशिया कप में भारत के मैचों में बारिश बड़ा विलेन बनकर सामने आया है। अब तक भारत का एक भी ऐसा मैच नहीं रहा जिसमें बारिश ने खलल नहीं डाली। लीग दौर में भारत पाक का मैच धुला और नेपाल के साथ भी मैच पूरा नहीं हो पाया। अब सुपर 4 के दौरान भी भारत-पाक का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया है। पहले दिन 24.1 ओवर के खेल के बाद बारिश के कारण खेल नहीं हो पाया। अब इस मैच को रिजर्व डे यानी सोमवार को कराया जाना है। रिजर्व डे पर भी कोलंबो में बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
रिजर्व डे के प्लेइंग कंडीशन के हिसाब से सोमवार को यह मैच पूरे 50-50 ओवर का कराया जाएगा। रिजर्व डे के दिन भी कोलंबो का वेदर फॉरकास्ट इतना अच्छा नहीं दिख रहा है। वेदर रिपोर्ट के मुताबिक एक बार फिर भारत पाकिस्तान का मैच बारिश के कारण धुल सकता है। रिजर्व डे के दिन भी बारिश की पूरी संभावना है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक कोलंबो में शाम पांच बजे के आसपास 80 प्रतिशत बारिश की संभावना है। दोपहर तीन बजे के बाद से कोलंबो में बारिश की संभावना 70 प्रतिशत है यानी कभी भी तेज बारिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि सोमवार को और भी ज्यादा बारिश की संभावना है।
जानिए मैच को लेकर क्या है नियम
भारत-पाकिस्तान मैच की शुरुआत होती है तो नियम के मुताबिक मैच की शुरुआत वहीं से होगी, जहां तक रविवार को खेला गया था। यानी भारतीय पारी 24.1 ओवर के आगे से शुरू होगी। भारत ने 24.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए हैं। खेल की शुरुआत यहीं से होगी और पूरे 50 ओवर का मैच कराया जाएगा। फिर पाकिस्तान भी पूरे 50 ओवर खेलेगी। अगर बारिश की वजह से खेल बाधित होता है तो कम से कम 20-20 ओवर का मैच कराने की कोशिश करेंगे। किसी मैच के नतीजे के लिए दोनों पारियों में 20 ओवर का खेल होना जरूरी है। चूंकि भारत ने 20 ओवर खेल लिए हैं। अब ऐसे में पाकिस्तान के भी 20 ओवर पूरे करने की कोशिश की जाएगी। यदि पाकिस्तान की पारी शुरू होने के बाद 20 ओवर का खेल होने से पहले बारिश होती और मैच नहीं हो पाता तो यह मैच रद्द कर दिया जाएगा और दोनों टीमों को एक-एक प्वाइंट से संतोष करना पड़ेगा।




