कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार को जिले के सिंगारभाट गांव में एक तेंदुए की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया। दरअसल शिकार की तलाश में तेंदुआ बस्ती में आ गया और एक मुर्गे को पकड़ने के लिए उसे बाड़े में घुस गया। इस दौरान वह कंटीले तारों में फंस गया। काफी प्रयास के बाद भी वह निकल नहीं पाया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तेंदुए के शव को वाहर निकाला। फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार सुबह की है। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे तेंदुआ बस्ती में घुस आया था। मुर्गे का शिकार करने बाड़े में घुसा और तार में फंस गया। गांव वालों ने जब तेंदुए को देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन फानन में वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग के अफसरों से किसी तरह तेंदुए को तारों के जाल से मुक्त कराया लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि कांकेर के सिंगारभाट गांव के आसपास भारी मात्रा में तेंदुए हैं और अक्सर शिकार की तलाश में वे घनी आबादी के बीच पहुंच जाते हैं।




