कांकेर। छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल क्षेत्र कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा में डीआरजी जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। जवानों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं मौके से भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया गया है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार डीआरजी जवानों के साथ नक्सलियों की यह मुठभेड़ शनिवार सुबह करीब आठ बजे हुई। राज्य पुलिस बल की एक इकाई, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। जिले के धुर नक्सल क्षेत्र कोयलीबेडा में पहले से घात लगाए नक्सलियों ने फायारिंग खोल दी। इसके बाद डीआरजी जवानों ने मोर्चा संभाला। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली फरार हो गए। गोलीबारी रुकने के बाद जवानों ने सर्चिंग शुरू की।
सर्चिंग के दौरान डीआरजी जवानों को दो नक्सलियों के शव मिले हैं। यही नहीं शव के पास से नक्सलियों ने एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल सहित अन्य हथियार व गोला-बारूद बरामद किया है। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान नहीं हुई है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी की ओर से कहा गया है मृत नक्सलियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं आसपास के क्षेत्र में जवान तलाशी अभियान में लगे हुए हैं।




