भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में बुधवार की आधीरात को स्पर्श अस्ताल के पास हुई लूट के मामले में पुलिस ने चंद घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सुपेला पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सक्रियता से काम किया और लूट के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने 341, 294, 506, 394, 34 के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 60 हजार रुपए की सोने की चेन बरामद कर ली है। लूटकांड का मास्टर माइंड हत्या का आरोपी है और पैरोल पर बाहर आया था।
सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राम नगर निवासी इन्द्रपाल सिंह बुधवार की आधीरात 12 बजे सुपेला से अपने घर जा रहा था। वह अभी स्पर्श अस्पताल सुपेला के पास पहुंचा था उसी दौरान आरोपी पृथ्वी, दयाल, शुभम एवं रोहित के द्वारा रास्ता रोककर धमकाते हुए पैसे की मांग करने लगे। इस दौरान बदमाशों ने इन्द्रपाल सिंह की सोने की चेन लूट ली और भाग गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल संदेहियों का पता लगाया। इस दौरान संदेही दयाल प्रकाश यादव उर्फ राजू, शुभम गुप्ता उर्फ पेठा व पृथ्वी सिंह को राम नगर मुक्तिधाम तालाब के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपियों से पुछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के पास सोने की चेन कीमती 60,000 रूपए पुलिस को जब्त किया। आरोपियों में से एक दयाल प्रकाश यादव उर्फ राजू हत्या के मामले में सजा काट रहा है और पैरोल में बाहर आया था। आरोपी के विरूद्ध पूर्व में भी कई मामले दर्ज है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक दुर्गेश कुमार शर्मा थाना प्रभारी थाना सुपेला, उप निरीक्षक रजनीकांत दीवान, प्रधान आरक्षक संतोष शर्मा, आरक्षक रवि साव, सुरेन्द्र पटेल, सूर्यप्रताप सिंह, श्यामजी मिश्रा का विशेष योगदान रहा।




