जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अनाज व्यापारी के मुंशी से लूट का मामला सामने आया है। जिले के तरौद चौक के पास अनाज व्यापारी के ऑफिस में घुसकर कट्टे की नोट पर 6 लाख 60 हजार रुपए की लूट हो गई। बदमाशों ने मुंशी की आंख में मिर्च पाउडर डालकर घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीसी टीवी फुटेज भी खंगाले जिसमे दो व्यक्ति नजर आ रहे हैं जो हेलमेट लगाए हुए थे। अब पुलिस हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार शर्मा राइस मिल के मुंशी राखी राम कश्यप के साथ लूट हो गई। राखी राम ने पुलिस को बताया कि धान बेचने वाले किसानों को देने के लिए उसने अपनी साथ बैग में 6 लाख 60000 रुपए लेकर आफिस पहुंचा। सुबह 10:45 बजे आफिस खोलने के बाद बैग को काउंटर पर रख सारी रकम ड्राज में रख दिया। इस दौरान दो अज्ञात व्यक्ति हीरो एचएफ डिलक्स वाहन से पहुंचे। दोनों ने हेलमेट लगा रखी थी। ऑफिस में घुस कर दोनों ने कट्टा दिखाया और काउंटर के ड्राज मे रखे सभी नगदी रकम कुल 6,60000 रूपए अपने बैग में भर लिया। इसके बाद दोनों ने मिर्च पाउडर निकाल कर मुंशी की आंखों में झोंक दिया। रुपए के साथ दोनोंने वीवो कंपनी का मोबाइल भी लूट कर ले गए। राखी राम ने बताया कि किसानों का भुगतान करने के लिए दो दिनों से वह रुपए अपने पास रखा था। बुधवार को भुगतान करना था और इस बीसच लूट हो गई।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
दोनों बदमाशों की करतूत पीड़ित के सीसी टीवी कैमरे में भी रिकार्ड हो गई है। इस फुटेज को भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस इस फुटेज का वायरल कर रही है ताकि आरोपियों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 2 लोग हेलमेट पहनकर शर्मा राइस मिल में घुसते हुए नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि किस तरह से दोनों युवक मुंशी के ऑफिस में घुसे और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 6 लाख 60 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। एएसपी अनिल सोनी ने बताया कि लूट के मामले में आरोपियों की तलाश जारी है। सड़कों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




