महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले हत्या का खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक नशेड़ी देवर ने अपनी भाभी व भतीजे की हत्या कर दी। नशे की हालत में घर पहुंचने के बाद भाभी से विवाद हुआ और उसके बाद नशेड़ी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पतेरापाली निवासी निवासी तुलसी ठाकुर (31) पति जयदेव ठाकुर अपने तीन वर्षीय पुत्र कमलेश के साथ घर पर थी। तुलसी का बड़ा बेटा अपने पिता व दादी के साथ बाहर गया हुआ था। मंगलवार शाम को तुलसी का देवर पुकराम ठाकुर (30) नशे की हालत में घर आया। इस दौरान पुकराम व तुलसी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। मां को चाचा के साथ झगड़ते देख उसका तीन साल का बेटा भी बीच में आ गया।
इस दौरान नशेड़ी पुकराम ने तैस में आकर पास पड़े सब्बल को उठाया और अपनी भाभी व भतीजे पर वार कर दिया। सब्बल के बार से तुलसी व उसके बेटे कमलेश की मौत हो गई। रात को मृतका का पति जब घर पहुंचा तो इसकी जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। हत्या के बाद पुकराम फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।




