मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में रविवार को एक नवजात बच्चा झाड़ियों में मिला। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण की नजर पड़ी। इसके बाद ग्रामीण की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल नवजात का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं पुलिस नवजात के माता पिता की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र के झझपुरी कला में नवजात बच्चा बिना कपड़ों के लावारिश हालत में मिला। रविवार की सुबह गांव का राम गोपाल साहू बच्चे की रोने की आवाज सुनकर रुका। जहां से रोने की आवाज आ रही थी वहां जाकर देखा तो नवजात बिना कपड़ों के पड़ा हुआ था। तत्काल गोपाल साहू ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस को आशंका है कि किसी ने अवैध संबंध में हुए बच्चे को लोकलाज के डर से मरने के लिए छोड़ दिया है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।




