हांगझोऊ। एशियाई खेल 2023 में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा बरकरार है। शनिवार को भारत ने पदकों का सैकड़ा पूरा किया और दोपहर आते आते एक और गोल्ड भारत की झोली में आ गया। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। शनिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबला बारिश के कारण धुल गया। आईसीसी रैंकिंग के आधार पर टीम इंडिया को चैंपियन घोषित किया गया। टी20 रैंकिंग में भारत पहले स्थान पर है। वहीं, अफगानिस्तान 10वें पायदान पर है। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी सोना जीता था।
बता दें भारतीय टीम रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलने उतरी थी। उसने नेपाल को 23 रन से हराया था। उसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में नौ विकेट से जीत हासिल की थी। दूसरी ओर, अफगानिस्तान की बात करें तो उसने क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका को परास्त किया था। उसके बाद एक और उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में पाकिस्तान को शिकस्त दी थी। हालांकि, फाइनल में उसे ऐसा करने का मौका नहीं मिला।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम पहली बार एशियाड में हिस्सा लेने उतरी और इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले 2010 में बांग्लादेश ने और 2014 में श्रीलंका ने स्वर्ण जीता था। अफगानिस्तान की टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची और उसे तीसरी बार भी रजत पदक से संतोष करना पड़ा है।




