सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आरक्षक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मामला यहां के छिंदगढ़ थाना क्षेत्र का है। घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। आरक्षक ने अपनी सर्विस बंदूक से खुद को गोली मार ली। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरक्षक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मिली जानकारी अनुसार सोमवार शाम लगभग 6.45 बजे थाना छिंदगढ़ (सुकमा) के आरक्षक नरेंद्र नेगी (25) ने थाना परिसर में खुद को अपनी सर्विस इंसास राइफल से गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर थाने में मौजूद अन्य सिपाही मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नरेन्द्र को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि जवान की गोली लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
जवान की आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि जवान नरेन्द्र नेगी लंबे समय से सिर पर कोई पुरानी चोट परेशान था। बार-बार इलाज करवाने पर भी इसमें सुधार नहीं हो रहा था। माना जा रहा है कि जवान ने संभवत: इसी वजह से आत्मघाती कदम उठाया। बहरहार पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।




