बालोद। छत्तीगसढ़ के बालोद जिले में विधानसभा चुनाव के बीच गुंडरदेही विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र साहू के कार्यकर्ताओं से मारपीट की खबर है। घटना सोमवार आधीरात के बाद की बताई जा रही है। इस मामले में भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र साहू गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार गुंडरदेही थाने में भाजपा प्रत्याशी ने जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कराई है। वीरेन्द्र साहू ने अपनी शिकायत में बताया कि सोमवार देर रात लगभग 1 बजे वे अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार के बाद अर्जुंदा से वापस लौट रहे थे। वे सिकोसा होते हुए अपने गांव बेलौदी जा रहे थे इस बीच एक कार और मोटर साइकिल में बैठे कुछ लोगों ने उनका पीछा किया। वीरेन्द्र साहू का आरोप है कि कार व मोटर साइकिल सवारों ने उनका रास्ता रोका और कार्यकर्ताओं कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर उनके साथ गाली-गलौज की। वीरेन्द्र साहू ने इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। फिलहाल गुंडरदेही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




