मेंगलुरू। कर्नाटक के मंगलुरु शहर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार कार चालक ने यहां फुटपाथ पर पैदल चल रहे पांच लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। कार चालक लोगों को कुचलते हुए भाग गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। वहीं घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत कार चालक पर अपराध दर्ज किया है। वहीं इस पूरे मामले का एक वीडियो वायरल हो रहा है। प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर वीडियो शेयर किया है।
मिली जानकारी के अनुसार वीडियो में देखा जा सकता है कि हाइवे किनारे फुटपाथ पर लोग चल रहे हैं। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने पहले एक महिला व तीन युवतियों को टक्कर मारी। एक महिला को कुचलने के बाद एक अन्य महिला को टक्कर मार दी, जिसने कार को पास आते देख भागने की कोशिश भी की। इतना ही नहीं, फुटपाथ पर लगे एक पोल से कार जाकर टकरा जाती है। बाद में डिवाइडर से टकराने से पहले कार चालक महिला को कुछ मीटर तक घसीटता हुआ ले जाता है। घटना मात्र छह सेकंड में हुई। आसपास मौजूद लोग जबतक समझ पाते तबकर कार चालक फरार हो जाता है। हादसे में एक महिला की मौत हो गई और तीन युवतियों सहित चार घायल हो गए। मृतका की पहचान 23 साल की रूपश्री के रूप में हुई है।
खुद पुलिस के पास पहुंचा कार चालक
हादसे के बाद कार चालक ने पहले तो अपनी कार को एक शोरूम के पास खड़ी कर दिया। इसके बाद वह खुद अपने पिता के साथ थाने पहुंचा। पुलिस ने बताया कि कार चलाने वाले का नाम कमलेश बलदेव है जो हुंडई ईऑन कार चला रहा था। पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला सहित भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।




