गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बीती रात महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने 60 साल के पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले पांच वर्षों से विवाद चल रहा है। पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था जिसके कारण यह वारदात हुई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपिया महिला व उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिले के देवभोग थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम दबनाई में बीती रात गंगेश्वर सोनवानी (60) की हत्या उसके बेटे गिरीश सोनवानी और पत्नी लक्ष्मीबाई ने कर दी। दोनों ने मिलकर डंडे और पत्थर से पीट-पीट कर गंगेश्वर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को गांव के शिवमंदिर के पास पुलिया के नीचे फेंक दिया। ग्राम कोटवार ने लहूलुहान शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंगेश्वर के शव को पीएम के लिए भेजा और जांच पड़ताल के बाद आरोपिया लक्ष्मीबाई व उसके बेटे गिरीश को गिरफ्तार कर लिया है।
चरित्र पर शक करता था इसलिए कर दी हत्या
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गंगेश्वर अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। आए दिन दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद होता रहता था। विवाद से परेशान पत्नी पांच माह पहले घर छोड़कर ओड़िशा चली गई थी। हाल ही में नुआखाई में पूरा परिवार एक साथ था। दंपती के अलावा उसका बेटा गिरीश और बेटी भी साथ रह रहे थे। शुरुआत में ठीक था इसके बाद फिर से विवाद शुरू हो गया। शुक्रवार रात को भी दोनों के बीच विवाद हो रहा था इस दौरा पति ने पत्नी की पिटाई कर दी। इसके बाद पत्नी ने पलटवार किया और बेटे के साथ मिलकर डंडे व पत्थर से उसकी पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई।




