दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बुधवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में दो महिला नक्सली मारी गईं। अरनपुर पुलिस थाने की सीमा के जंगल में सुबह करीब सात बजे गोलीबारी हुई, जब राज्य पुलिस की इकाई जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। गोलीबारी शुरू होने के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया।
दंतेवाड़ा-सुकमा अंतरजिला सीमा पर नगरम-पोरो हिरमा जंगलों के पास प्रतिबंधित संगठन के दरभा डिवीजन के नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने अभियान शुरू किया। जब गश्ती दल इलाके की घेराबंदी कर रहा था तो दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का सहारा लेकर भाग निकले। सर्चिंग के दौरान दो महिला नक्सलियों का शव बरामद हुआ है। एक इंसास और 12 बोर हथियार समेत विस्फोटक सामान भी मिला है।




