भिलाई। शुक्रवार की रात को आईटीआई ग्राउंड के पास खुर्सीपार दुर्गा मंदिर निवासी मलकीत सिंह की हत्या कर दी गई। बदमाशों ने मलकीत की बेरहमी से पिटाई थी जिससे उसकी मौत हो गई। इसे लेकर शनिवार को पूरे दिन भर खुर्सीपार थाने में तनाव का माहौल रहा। वहीं रविवार की सुबह भिलाई नगर के विधायक देवेन्द्र यादव पीड़ित परिवार से मिलने थाने पहुंचे और उन्हें ढाढस बंधाया। यही नहीं उन्होंने मौके से ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर उचित मुआवजे व मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने के संबंध में चर्चा की।
बता दें घटना के बाद शनिवार से ही पीडित परिवार खुर्सीपार थाने के पास डटा हुआ है। विधायक देवेन्द्र यादव जब पीडित परिवार के पास पहुंचे तो वहां शोक का माहौल दिखा। विधायक देवेंद्र यादव शोक में डूबे हुए दुखी परिवार से मिले और उन्हें ढाढस बंधाया। इस दौरान विधायक देवेन्द्र यादव ने परिवार से मिलकर उनकी हिम्मत बढ़ाई और कहा इस दुःख की घड़ी में हर कदम वे उनके साथ है। इसी के साथ ही विधायक यादव ने कहा कि न्याय व्यवस्था पर भरोसा रखिए आप लोगों को न्याय जरूर मिलेगा।
एक नाबालिग सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
इधर इस मामले में खुर्सीपार पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। अन्य आरोपियों में तरुण निषाद पिता तिहारू निषाद उम्र 22 साल खुर्सीपार, तसबुर खान पिता मोहम्मद अमान खान उम्र 20 साल खुर्सीपार, शुभम लहरे पिता शीतल लहरे 21 साल छावनी तथा फ़ैसल क़ुरैशी पिता आबिद क़ुरैशी उम्र 23 साल खुर्सीपार शामिल है। घटना में सम्मिलित अन्य बदमाशों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।




