रायपुर। राजधानी रायपुर में सामूहिक दुष्कर्म का शर्मनाक मामला सामने आया है। महासमुंद में अपने भाइयों को राखी बांधकर लौट रही दो युवतियों से कुछ बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती अपने परिचित युवक के साथ रायपुर लौट रही थी इस दौरान देर रात रास्ता रोककर बदमाशों ने पहले युवक की पिटाई की और इसके बाद इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस एक्टिव हुई और अब तक 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार यह दोनों युवतियां रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर एक युवक के साथ अपने घर लौट रही थी। गुरुवार रात लगभग 10 बजे में गोढ़ी रोड के पास रिम्स अस्पताल के पहुंची। यहां पर कुछ युवक पहले से मौजूद थे और इन लोगों ने युवक के साथ घर जा रही दोनों युवतियों को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने पहले युवक से मारपीट की और उसे भगा दिया। यहां से दोनों युवतियों को लेकर वे सुनसान जगह लेकर गए और दोनों युवतियों से सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश युवतियों को वहां छोड़कर भाग गए। दोनों युवतियां किसी तरह अपने घर पहुंची और अपने परिजनों को घटना की पूरी जानकारी दी। इसके बाद देर रात सभी मंदिर हसौद थाने पहुंचे और पूरे घटना क्रम की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इस घटना में शामिल अन्य बदमाशों की जानकारी जुटाई जा रही है। रक्षाबंधन के त्योहार के मौके पर राजधानी में सामूहिक दुष्कर्म की इतनी बड़ी वारदात से सुरक्षा एक बार से सवालिया निशान लग गए हैं।




